श्रद्धा हत्याकांड के आरोपी आफताब पूनावाला की गाड़ी पर सोमवार को दिल्ली के रोहिणी में हमला किया गया. पॉलीग्राफ टेस्ट के बाद एफएसएल की टीम आफताब को लेकर निकली, तभी कुछ लोगों की भीड़ मौके पर पहुंच गई और गाड़ी पर हमला कर दिया.
इन लोगों के हाथों में तलवारें थीं और आफताब को मारने की बात कर रहे थे, जब हमला हुआ तो एक पुलिसकर्मी वैन से निकला और इन लोगों पर बंदूक तान दी.
गुस्साई भीड़ ने पुलिस वैन पर भी पथराव किया है. हमला करने वाले ने कहा, “इसे दो मिनट के लिए बाहर निकालो, मैं इसे मार दूंगा.” आफताब की कार पर हमला करने वाले कुछ आरोपियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है. हमलावरों ने हिंदू सेना के कार्यकर्ता होने का दावा किया.
आफताब का रोहिणी के एफएसएल में पॉलीग्राफ टेस्ट चल रहा था, जिसके बाद पुलिस टीम उसे लेकर वापस जा रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस वैन पर हमला कर दिया.
इससे पहले एफएसएल के सहायक निदेशक संजीव गुप्ता ने कहा था कि विशेषज्ञों की टीम पॉलीग्राफ टेस्ट कर रही है. आज का सेशन जल्द ही पूरा कर लिया जाएगा. जरूरत पड़ी तो कल भी इस टेस्ट के लिए आफताब को बुलाया जाएगा. पॉलीग्राफ टेस्ट खत्म होने के बाद नार्को टेस्ट शुरू किया जाएगा.







