Tuesday, August 4, 2026

राखड़ की समस्या से नवागांव कला के ग्रामीण परेशान, कई बार अधिकारियों से कर चुके है शिकायत, फिर भी नही हुआ समाधान

कोरबा। राखड़ वर्षा के कारण शहर सहित ग्रामीण क्षेत्र के लोग परेशान है। हवा में उड़ रही राखड़ के कारण लोगों को सांस लेने में दिक्कत हो रही है। नवागांव कला के ग्रामीण बताते है कि घरों के बाहर राखड़ की परत जम गई है । राखड़ के कारण सबसे ज्यादा परेशानी सड़क पर चलने वाले लोगों को हो रही है। कभी-कभी राखड वर्षा इतनी होती है कि सामने से आ रही हो गाड़ी भी नजर नहीं आती। इसके साथ ही ग्रामीण चर्म रोग सहित श्वास संबंधी रोगों के भी शिकार हो रहे हैं।

नवागांव कला के लोग बताते है कि राखड़ वर्षा होना आम बात है। वे लंबे समय से इस परेशानी से जूझ रहे हैं। अत्यधिक मात्रा में राखड़ उडऩे से कभी-कभी लोगों में परेशानी ज्यादा बढ़ जाती है। नवागांव कला सहित आस पास के कई क्षेत्रों में राखड़ वर्षा के कारण लोग हलाकान रहे। उन्होंने कई बार मामले की शिकायत संबंधित अधिकारियों से भी की लेकिन सिर्फ आश्वासन का झुनझुना पकड़ाकर उन्हे टरका दिया जाता है। ग्रामीणों का कहना है कि अगर उनकी समस्या का समाधान जल्द नहीं हुआ तो आने वाले दिनों में उग्र प्रदर्शन करेंगे। जिसकी संपूर्ण जवाबदारी अधिकारियों की होगी।