Friday, March 20, 2026

फंदे पर लटका मिला टाइगर:पन्ना में बाघ का शिकार

पन्ना: टाइगर स्टेट मध्यप्रदेश में अब टाइगर ही सुरक्षित नहीं है। प्रदेश के पन्ना टाइगर रिजर्व में एक ऐसी तस्वीर सामने आई है, जिसने हैरान कर दिया है। जंगल में एक टाइगर फांसी के फंदे पर लटका नजर आया। आशंका है उसका शिकार किया गया। सीएम शिवराज सिंह ने आपात बैठक बुलाकर अधिकारियों से जानकारी मांगी।

मामला पन्ना रेंज के लक्ष्मीपुर से विक्रमपुर के जंगल का है। जहां अज्ञात शिकारियों ने एक युवा बाघ को पेड़ पर फांसी के फंदे से लटका दिया। इस घटना से वन अमले में हड़कंप मच गया है। जानकारी लगते ही वन विभाग के कर्मचारी मौके पर पहुंचे गए। अफसरों ने बताया कि शायद यह पहला मौका है जब इस तरह बाघ की हत्या की गई है। फिलहाल पोस्टमार्टम के बाद बाघ के शव का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

डॉग स्क्वॉड को बुलाया गया
छतरपुर सीसीएफ संजीव झा ने बताया कि मामले की जांच बारीकी से करवाई जा रही है। सतना और पन्ना की डॉग स्क्वाड को भी मौके पर बुलाया गया। हम शिकारियों तक पहुंचने की कोशिश कर रहे हैं।

पन्ना टाइगर रिजर्व में बाघ का शव फांसी पर लटका मिला। अफसरों का कहना है कि ऐसा पहली बार देखने को मिला है।

CM शिवराज सिंह ने बुलाई आपात बैठक
बाघ की मौत को लेकर मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने बैठक बुलाई है। बैठक में सीएस, डीजीपी, एसीएस फॉरेस्ट, हेड ऑफ फॉरेस्ट, पीसीसीएफ वाइल्ड लाइफ समेत सागर कमिश्नर, आईजी, पन्ना कलेक्टर, एसपी और डीएफओ शामिल हैं। सभी अफसर पन्ना से वर्चुअली जुड़े हैं। अफसरों ने पूरी जानकारी सीएम के सामने रखी। एसीएस फॉरेस्ट कंसोटिया भी पन्ना पहुंचे हैं।

दोषियों पर सख्त कार्रवाई होगी: वीडी शर्मा
पन्ना में फंदे पर लटके मिले टाइगर के मामले में प्रदेश बीजेपी अध्यक्ष और खजुराहो सांसद वीडी शर्मा सख्त नजर आए। उन्होंने कहा कि पूरे मामले की जांच कराई जाएगी, जो भी दोषी होंगे उन पर कार्रवाई होगी। सांसद ने पन्ना कलेक्टर, एसपी और वन विभाग के अफसरों से चर्चा की है और रिपोर्ट मांगी गई है।