
देवी काली पर विवादित बयान देने वाली TMC सांसद महुआ मोइत्रा को लेकर दिल्ली से कोलकाता तक हंगामा मच रहा है। उनकी अपनी ही पार्टी तृणमूल ने बयान से पल्ला झाड़ लिया है। कहा कि इस बयान से लेना-देना नहीं है। सांसद महुआ के खिलाफ मध्य प्रदेश सरकार ने केस दर्ज कराया है। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि देवी-देवताओं का अपमान नहीं सहन किया जाएगा।
इन सबके बीच महुआ मोइत्रा ने तृणमूल को ही अपने ट्विटर अकाउंट पर अनफॉलो कर दिया है। एक ट्वीट भी किया कि वे देवी काली की उपासक हैं। वे डरने वाली नहीं हैं। उधर, बंगाल में नेता विपक्ष शुभेंदु अधिकारी ने कहा कि अगर महुआ का बयान गलत है, तो नूपुर शर्मा की तरह उनके खिलाफ भी ममता बनर्जी लुकआउट नोटिस क्यों नहीं जारी करवा रही हैं?
- भाजपा विधायक राम कदम ने कहा है कि फिल्ममेकर पर कार्रवाई हो, सिर्फ माफी से काम नहीं चलेगा।
- अयोध्या के हनुमान गढ़ी मंदिर के महंत राजू दास ने उनका सिर काटने की धमकी दी है। महंत ने कहा- नुपुर शर्मा ने एक इवेंट में सही बात कही थी, लेकिन पूरे देश और दुनिया में आग लग गई। पर आप सनातन धर्म को अपमानित करना चाहते हो? क्या चाहते हो कि तुम्हारा भी सिर तन से जुदा हो जाए?
- ट्वीटर इंडिया ने फिल्ममेकर लीना के अकाउंट से विवादित पोस्ट हटाया। 3 दिन बाद ट्विटर ने एक्शन लिया।
- सांसद महुआ मोइत्रा के बयान के बाद भाजपा ने पश्चिम बंगाल में विरोध प्रदर्शन किया। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि महुआ के खिलाफ कार्रवाई क्यों नहीं कर रही बंगाल सरकार?











