Thursday, July 2, 2026

भूत उतारने में बेटी की ही जान ले ली:भूखा-प्यासा रखा, बांधकर पीटता रहा; मौत के बाद भी 3 दिन सोचता रहा जिंदा है

गुजरात में अंधविश्वास के चलते बेटी की हत्या का मामला सामने आया है। पिता और ताऊ को शक था कि लड़की को भूत लगे हैं। ऐसे में लड़की को गन्ने के खेत में बांधकर पीटा। उसे भूखा रखा। इससे उसकी मौत हो गई। उन्हें तंत्र-मंत्र में भरोसा था। उनका मानना था कि तांत्रिक अनुष्ठान और मारपीट से भूत भाग जाएगा। घटना के बारे में लड़की की मां और नाना को पता चला तो उन्होंने एफआईआर दर्ज कराई, तब यह मामला सामने आया। घटना गिर सोमनाथ जिले में तालाला के धावा गांव की है।

पुलिस के मुताबिक, मृतक धैर्या की उम्र 14 साल थी। वह 9वीं क्लास में पढ़ती थी। वह करीब एक साल से अपने ताऊ दिलीप अकबरी के घर पर धावा गांव में रह रही थी। ताऊ तंत्र में भरोसा करता है। उसने ही 1 अक्टूबर को सूरत में रहने वाले अपने भाई यानी धैर्या के पिता भावेश को फोन लगाकर बताया कि तुम्हारी बेटी को भूत लगे हैं। पिता सूरत से धावा पहुंच गया। इसके बाद दोनों ने आपसी सलाह से उसका भूत भगाने के लिए तंत्र का रास्ता चुना।

1 अक्टूबर को दिलीप और भावेश धैर्या को लेकर गांव के गन्ने के खेत में गए और उसे वहां बांध दिया। दो दिन बाद फिर दोनों भाई खेत में पहुंचे और धैर्या के साथ मारपीट की। इस पर धैर्या बेसुध हो गई। दोनों भाई उसे उसी हालत में छोड़कर घर आ गए। दो दिन बाद यानी 5 अक्टूबर को खेत में जाकर देखा तो बेटी उसी हालत में पड़ी थी। तब भी उन्होंने कुछ नहीं किया।