Thursday, June 25, 2026

पहली बारिश से बिगड़ी टीपी नगर की सूरत, दुकान के अंदर घुसने लगा पानी, बार बार शिकायत के बाद भी पार्षद नही दे रही ध्यान, अब व्यापारी हो रहे परेशान

कोरबा। मानसून के दस्तक देने से लोगों को गर्मी से राहत जरूर मिली है । लेकिन जनप्रतिनिधियों की निष्क्रियता के कारण एक बार फिर लोग परेशान हो रहे हैं ।दरअसल वार्ड क्रमांक 13 में बार-बार नाली के जाम होने की शिकायत वार्ड पार्षद को दी गई थी, लेकिन इसका कोई असर पार्षद को नही हुआ। जिसका नतीजा यह रहा कि पहली बारिश में टीपी नगर की दुर्दशा हो गई। नाली जाम होने के कारण बरसाती पानी सड़क पर ही बहने लगा, साथ ही नाली का कीचड़ भी सड़क पर फैल गया। आपको बता दे की नाली जाम होने के कारण घरों की जल निकासी व्यवस्था भी अस्त व्यस्त हो गई।

 

विकास के दावों की पोल खोलती यह तस्वीर टीपी नगर की है। वही टीपी नगर जहा शहर की सर्वाधिक दुकानें संचालित होती है। शहर के लगभग सभी बैंक, गाड़ियों की एजेंसियां, इलेक्ट्रनिक दुकान, बड़े-बड़े होटल सहित कई अन्य प्रतिष्ठान टीपी नगर में ही है। लेकिन जहां सुविधाओं का अंबार होना चाहिए वहां के लोग मूलभूत सुविधा को भी तरस रहे हैं। नगर निगम को सबसे ज्यादा आय देने वाला टीपी नगर अपनी दुर्दशा पर आंसू बहा रहा है। यहां का भूभाग कमर्शियल टैक्स के रूप में सर्वाधिक कर जमा करता है। व्यापारियों का कहना है कि शहर विकास में टैक्स के रूप में योगदान देने का कोई फायदा उन्हें नहीं मिलता। उल्टा उनके क्षेत्र की जनप्रतिनिधि समस्याओं को अनसुना कर देती हैं । वार्ड पार्षद के नकारात्मक रवैया को लेकर क्षेत्र के व्यापारियों में काफी आक्रोश है। व्यापारियों का कहना है कि आने वाले चुनाव में पार्टी को इसका नुकसान हो सकता है।

आपको बता दे कि पिछले दिनों ही क्षेत्र में घंटों बिजली बाधित रही । जिसकी शिकायत भी वार्ड पार्षद की गई थी। लेकिन पार्षद ने तब भी ऐसा ही व्यवहार किया था। लोगों को विकास का आश्वासन देकर चुनाव जीतने वाली वार्ड पार्षद को लेकर क्षेत्रवासी काफी नाराज नजर आ रहे हैं ।उन्होंने कहा कि चुनाव के समय हर संभव मदद करने का भरोसा दिलाने वाली पार्षद चुनाव जीतने के बाद क्षेत्र में झांकने तक नहीं पहुंची ।कई मर्तबा जब लोग स्वयं ही शिकायत दर्ज कराते हैं तब भी उनका निराशाजनक रवैया काफी परेशान करता है।

बहरहाल जब जनप्रतिनिधि ही जन की ना सुने तब उनका आक्रोश बनता है । देखना है कि आने वाले दिनों में वार्ड पार्षद की कार्यशैली में कोई सुधार आता है, या नहीं।