भिलाई नगर निगम के पार्षद व भाजपा नेता पीयूष मिश्रा पिछले 86 दिनों से शराब दुकान हटाने को लेकर धरने पर बैठे हैं। इसके बाद भी जब शराब दुकान नहीं हटी तो उन्होंने भैंस के आगे बीन बजाकर अनोखा प्रदर्शन किया। धरना स्थल से रैली निकाल कर वह लोग छावनी थाने गए। वहां उन्होंने मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा।
पीयूष मिश्रा ने बताया कि नंदिनी रोड में स्थित अंग्रेजी और देशी शराब दुकान हटाना बहुत जरूरी है। यहां आए दिन सड़क दुर्घटना, मारपीट, चाकूबाजी, उठाईगिरी और महिलाओं से छेड़छाड़ की घटनाएं हो रही है। पुलिस इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। इसलिए उनकी मांग है कि इन दोनों शराब दुकान को मुख्य मार्ग से हटाकर दूसरी जगह शिफ्ट किया जाए। पीयूष मिश्रा ने आरोप लगाया कि नंदिनी रोड स्थित दोनों दुकान और एक बार कांग्रेस विधायक का है। उनकी पहुंच के चलते प्रस्ताव पास होने के बाद भी शराब दुकान यहां से नहीं हट रही है। वह इस मांग को लेकर पिछले 86 दिनों से धरने पर बैठे हैं। शासन प्रशासन के लोग इसके बाद भी सोए हुए हैं। इसलिए वे “भैंस के आगे बीन बाजे, भैंस बैठे पगुराय” वाली कहावत को चरितार्थ करते भैंस के आगे बीन बजाकर अनोखा प्रदर्शन कर रहे हैं।







