Saturday, October 24, 2026

मतदान के बीच रायगढ़, दुर्ग और कोरबा में हंगामा, कहीं पैसे बांटने का आरोप

रायपुर. छत्तीसगढ़ में नगरीय निकाय चुनाव के लिए वोट डाले जा रहे हैं. इसी बीच रायगढ़ के वार्ड क्रमांक 19 में पैसे बांटने के आरोप पर  बीजेपी और कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जमकर हंगामा मचाया. वहीं कोरबा में मतदाता सूची को लेकर बीजेपी प्रत्याशी और नोडल अधिकारी के बीच तीखी नोक झोंक हुई.

रायगढ़ नगर निगम के वार्ड नंबर 19 के मतदान केंद्र में भाजपा और कांग्रेस कार्यकर्ता आपस में भीड़ गए. कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने भाजपा कार्यकर्ताओं पर आरोप लगाया की वह लोगों को पैसे बांट रहे हैं. जिसके बाद तनाव की स्थिति निर्मित हो गई. किसी तरह पुलिस ने बीच बचाव कर मामले को शांत कराया. कांग्रेस का यह भी आरोप है कि बीजेपी के कार्यकर्ता बड़ी संख्या में पोलिंग बूथ के भीतर घुस आए. जिसके बाद पुलिस ने दोनों ही पार्टी के कार्यकर्ताओं को पोलिंग बूथ से बाहर खदेड़ दिया.

कोरबा में नोडल अधिकारी से भिड़ा बीजेपी प्रत्याशी

कोरबा निगम में भी उस वक्त का माहौल गरमा गया जब भाजपा प्रत्याशी की नोडल अधिकारी के साथ मतदाता सूची में हुई गड़बड़ी को लेकर बहस हो गई. वार्ड नंबर 20 और वार्ड नंबर 19 में कई मतदाताओं के नाम दोनों जगह है. अलग-अलग वार्डों में पुराने सूची के हिसाब से वोट डाले जाने के चलते विवाद की स्थिति निर्मित हो गई.