Friday, July 31, 2026

Video : गोद में बच्चा लिए हुए शख्स पर पुलिस ने बरसाईं लाठियां, वीडियो वायरल हुआ तो दी सफाई

लखनऊ: उत्तर प्रदेश के कानपुर देहात में पुलिस की बर्बरता का एक वीडियो सामने आया है. जिसमें बच्चे को गोद में लिए एक शख़्स पर पुलिस ने जमकर लाठियां बरसाईं. ये कानपुर देहात के अकबर पुर इलाके के जिला अस्पताल के सामने की घटना है. पुलिस वालों ने न सिर्फ लाठियों से हमला किया, बल्कि उसके बच्चे को भी छीनने की कोशिश हुई. पुलिस का दावा है कि इस शख्स ने एक इंस्पेक्टर के हाथ पर काट लिया था. वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने कहा है कि दोषियों पर कार्रवाई की जाएगी.

वीडियो में युवक “बच्चे को लग जाएगी (बच्चे को चोट लगेगी),” कहते हुए सुनाई दे रहा है. वहीं पुलिसकर्मी उसका पीछा करते हैं और कुछ अधिकारी बच्चे को जबरदस्ती उससे दूर खींचने की कोशिश करते हैं. इस दौरान युवक कह रहा है कि यह उसका बच्चा है और इसकी मां भी नहीं है. पुलिस ने बताया कि युवक कानपुर देहात के अकबरपुर में जिला अस्पताल का कर्मचारी है और उसका भाई “नियमित उपद्रव करने वाला” है.