Monday, August 17, 2026

ग्रामीणों ने चुनाव का बहिष्कार किया, कोरबा के ग्राम पंचायत पचरा में सड़क और पुल नहीं बनने से हैं परेशान

कोरबा जिले के ग्राम पंचायत पचरा के आश्रित गांव अमहवा के ग्रामीणों ने सड़क नहीं होने पर चुनाव बहिष्कार का ऐलान किया है। करीब 600 आबादी वाले इस गांव के तीन नालों में अब तक पुल का निर्माण नहीं हुआ है। जिसके चलते ग्रामीणों ने बुधवार को कलेक्टर को ज्ञापन सौंपा और किसी भी चुनाव में शामिल नहीं होने की बात कही।

स्थानीय ग्रामीणों ने बताया कि अमहवा गांव की भौगोलिक स्थिति पूर्व में तान नदी, पश्चिम में कटोरी नाला, उत्तर में तान नदी और दक्षिण में मानगुरु पहाड़ है। ग्राम उत्तर दिशा में घुमानीडांड़, पूर्व में अंतरोटी, करगामार और पश्चिम में जटगा ग्राम है। पूरा गांव नदी नालों से घिरा हुआ है।

बस्ती के वार्ड नंबर 20 और 18 में गांव तक पहुंचने मार्ग नहीं है। जिसके चलते लोगों को काफी परेशानी होती है। जटगा ग्राम में आबादी 450 है। बारिश के दिनों में कीचड़ युक्त पगडंडी और मेड़ के सहारे ही आवाजाही करते हैं। ग्राम में किसी व्यक्ति की बीमार पड़ जाने पर खाट पर उठाकर लाने के अलावा बाहर लाने का कोई मार्ग नहीं है। जिससे पूरे ग्रामवासी व्यथित है।

हालांकि समय-समय पर उच्च अधिकारियों, विधायक, सांसद और मंत्रियों तक समस्या से निजात दिलाने मांग रखी गई। लेकिन अभी तक समस्या का समाधान नहीं हुआ। जिसकी वजह से चुनाव बहिष्कार करने का निर्णय लिया गया है।