Friday, September 25, 2026

चुनावों में भड़काई जा सकती है हिंसा:खुफिया इनपुट के बाद बनी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल, भड़काऊ पोस्ट करने वालों को पकड़ेगी पुलिस

रायपुर.प्रदेश में आने वाले चुनावी माहौल के बीच हिंसा भड़काई जा सकती है। इसके खूफिया इनपुट इंटेलिजेंस विभाग को मिले हैं। मामले को गंभीरता से लेते हुए सभी जिलों के SSP को सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल बनाने को कहा गया है। पुलिस हेडक्वॉर्टर की स्पेशल ब्रांच ने पाया है कि सोशल मीडिया के जरिए प्रदेश में हिंसा भड़काने के प्रयास हो सकते हैं। इस वजह से सोशल मीडिया की हर पोस्ट पर नजर रखने के लिए सेल बनाई जा रही है।

इंटेलिजेंस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक मॉनिटरिंग सेल में पुलिस महकमे के लोग होंगे, जो लगातार सोशल मीडिया पर नजर रखेंगे। सभी जिलों में सार्वजनिक छवि रखने वाले नेताओं, पत्रकारों, सामाजिक कार्यकर्ताओं की पोस्ट पर नजर रखी जाएगी। व्हाट्सएप ग्रुप के संबंध में भी सोशल मीडिया मॉनिटरिंग सेल जानकारी लेगी। किसी भी तरह के भड़काऊ पोस्ट, तस्वीर वायरल होने पर ग्रुप के एडमिन के खिलाफ कानूनी कार्रवाई होगी।