Thursday, August 6, 2026

जम्मू में जहां 4 हिंदू मारे गए, वहीं आज धमाका:एक बच्ची की मौत, यहीं आतंकियों ने आधार कार्ड देख-देखकर हत्याएं की थीं

श्रीनगर. जम्मू के राजौरी में धांगरी गांव में सोमवार सुबह IED ब्लास्ट हुआ। धमाके में 2 लोगों के घायल होने की खबर है। इनमें एक बच्ची है। धांगरी में ही रविवार शाम आतंकवादियों ने 3 घरों पर अंधाधुंध फायरिंग की थी। इस हमले में 4 हिंदुओं की जान चली गई और 7 घायल हैं।

ADGP मुकेश सिंह ने कहा कि पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है। धांगरी में हिंदुओं की हत्या के विरोध में प्रदर्शन किया जा रहा था। इसके खत्म होने के कुछ देर बाद ही एक घर में धमाका हुआ और अफरा-तफरी मच गई। इसके बाद पुलिस ने पूरा इलाका सील कर दिया है। लोगों ने बताया कि रविवार शाम आतंकवादी आए और लोगों को घरों से बाहर निकाला। वे सभी का आधार कार्ड देख रहे थे। इसके बाद उन्होंने अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने आशंका जाहिर की है कि रविवार शाम फायरिंग के बाद ही आतंकवादियों ने किसी घर में IED रख दिया होगा।

तस्वीर रविवार शाम धांगरी की है, जहां आतंकियों ने अंधाधुंध फायरिंग की थी।