
पानीपत.रेसलिंग फेडरेशन ऑफ इंडिया (WFI) के प्रमुख बृजभूषण सिंह के खिलाफ प्रदर्शन के लिए पहलवान फिर से जंतर-मंतर पहुंच गए हैं। 7 महिला पहलवानों ने सिंह के खिलाफ पार्लियामेंट स्ट्रीट थाने में शिकायत दर्ज कराने के लिए शिकायत दी है।
पहलवानों ने कहा- 3 महीने हो गए, और हमें न्याय नहीं मिला, इसलिए हम फिर से विरोध कर रहे हैं। हम न्याय की मांग करते हैं, अभी तक FIR दर्ज नहीं की गई है। पहले हम से कहा जाता था कि FIR कराओ, अब हम FIR कराने जा रहे हैं तो पुलिस सुन नहीं रही है।
पहलवान साक्षी मलिक ने कहा कि हमने 2 दिन पहले ही थाने में शिकायत दी थी। मगर अभी हमारी सुनवाई नहीं हुई, न ही FIR दर्ज हुई है। शिकायत देने वालों में एक नाबालिग समेत सात पहलवान शामिल हैं। ढाई महीने इंतजार करने के बाद हमने फिर से धरना का फैसला लिया है।
साक्षी ने कहा- न ही हमें पता कि कमेटियों ने जांच रिपोर्ट सबमिट की है या नहीं। लोग हमें ही झूठा बताने लगे थे। जांच रिपोर्ट सार्वजनिक होनी चाहिए, मगर अभी इसका कुछ अता पता नहीं है। एक लड़की का मामला कितना सेंसिटिव होता है, यह आप सब समझ सकते हैं।











