बिलासपुर। सिविल लाइन क्षेत्र के विकास नगर में युवक रास्ता रोककर जन्मदिन मना रहे थे। इसी दौरान एक अन्य युवक वहां आया। उसने आगे जाने के लिए साइड मांगा। इस पर जन्मदिन मना रहे युवकों ने एक्टीवा सवार की पिटाई कर दी। इसके बाद उसके घर जाकर भी मारपीट की। पीड़ित ने इसकी शिकायत सिविल लाइन थाने में की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। सिविल लाइन क्षेत्र में रहने वाले नीरज कश्यप निजी संस्थान में काम करते हैं। शुक्रवार की रात 9.45 को वे 27 खोली चौक से अपने घर जा रहे थे। ज्योति किराना स्टोर के पास रितिक ठाकुर और उसके दोस्त सड़क जाम कर केक काट रहे थे। आगे जाने के लिए नीरज ने अपनी एक्टीवा का हार्न बजाकर साइड मांगा। इस पर रितिक और उसके दोस्तों ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट शुरू कर दी। इससे डरकर नीरज ओर उसका दोस्त निक्की किसी तरह बचकर अपने घर चले गए।
कुछ देर बाद ही रितिक और उसके दोस्त नीरज के घर के पास आकर गाली-गलौज करने लगे। इसका विरोध करने पर युवकों ने घर में घुसकर उसकी पिटाई कर दी। मारपीट के दौरान नीरज के दोस्त निक्की और शैलेंद्र बीच-बचाव करने के लिए आए। युवकों ने उनकी भी पिटाई कर दी। मारपीट से नीरज और उसके दोस्तों को चोटे आई है। हमले के बाद युवक जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से चले गए। घायल युवकों ने थाने पहुंचकर घटना की शिकायत की है। इस पर पुलिस जुर्म दर्ज कर मामले की जांच कर रही है। इन दिनों सड़क पर केक काटकर जन्मदिन मनाने का चलन बढ़ रहा है। पूर्व में एसपी पास्र्ल माथुर ने ऐसे लोगों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश दिए थे। इस पर कुछ कार्रवाई भी की गई। इसके बाद मामला ठंडा पड़ गया। अब एक बार फिर से यह चलन बढ़ रहा है। इसका विरोध करने पर युवक मारपीट भी कर रहे हैं। वहीं, पुलिस मामूली कार्रवाई कर मामले का रफादफा कर रही है।











