कोरबा, 28 अक्टूबर। पुलिस स्मृति दिवस के अवसर पर अग्रसेन कन्या महाविद्यालय कोरबा में सोमवार को शस्त्र प्रदर्शनी एवं “राष्ट्र निर्माण में पुलिस की भूमिका” विषय पर वाद-विवाद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी के दिशा-निर्देश तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
इस आयोजन का उद्देश्य छात्राओं को पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली, आत्मरक्षा, साइबर सुरक्षा एवं आधुनिक हथियारों की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में आर.आई. अनथराम पैकरा, एस.आई. अंगध्वज राठौर, उपनिरीक्षक अजय सोनवानी (साइबर सेल प्रभारी) सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे। वहीं कॉलेज की ओर से प्राचार्य डॉ. एम.के. झा, उप प्राचार्या श्रीमती किरण बाजपेयी, स्पोर्ट्स ऑफिसर श्रीमती गौरी वानखेड़े सहित अन्य प्राध्यापक उपस्थित रहे।
वाद-विवाद प्रतियोगिता में छात्राओं ने पुलिस की समाज सेवा, कानून व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, नागरिक सुरक्षा और देश की आंतरिक सुरक्षा में निभाई जाने वाली भूमिका पर अपने विचार रखे। कार्यक्रम में कुल 16 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया, जिनमें उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वालों को पुरस्कृत किया गया।









