कोरबा। बिजली उत्पादन कंपनी के कोरबा और जेलगांव दर्री स्थित आवासीय परिसर में सैकड़ों की संख्या में आवासों पर बेजा कब्जा होने से प्रबंधन परेशान है। इन आवासों को अलग-अलग केटेगरी के लोगों ने कब्जा में ले रखा है और बिजली कंपनी की सुविधा का भरपूर उपयोग कर रहे हैं। अनुमान है कि हर महीने इस चक्कर में कंपनी को करोड़ों का नुकसान हो रहा है। कंपनी को इन आवासों को वापस पाने के लिए विधि कार्यों पर बड़ी राशि खर्च करनी पड़ रही है। इसे नोटिस मद में समायोजित किया जा रहा है। दूसरी ओर हाल में ही कंपनी ने प्रस्ताव दिया है कि पूर्व कर्मचारियों को अपने आवास किराये पर दिए जा सकते हैं। यह काम आखिर कैसे हो सकेगा इस पर मंथन हो रहा है। सूत्र बताते हैं कि अनेक मामलों में राजनीतिक दबाव होने से बेजा कब्जा नहीं हटाया जा सक रहा है।








