knn24news/ छत्तीसगढ़ के बालोद जिले में कोरोना संक्रमित युवक और युवती की शादी की चर्चा हो रही है। दोनों महावीर आइसोलेशन सेंटर में इलाजरत हैं। शुक्रवार को छत्तीसगढ़ी रीति रिवाज से दोनों विवाह के बंधन में बंध गए। सेंटर में मौजूद कोरोना संक्रमित अन्य मरीज शादी में बाराती और घराती बने।
दरअसल, आइसोलेशन सेंटर में भर्ती चंद्रकांत साहू और कांति साहू अपना इलाज करा रहे हैं। दोनों की एक महीने पहले शादी हुई थी। लेकिन कुछ दिनों बाद दोनों कोरोना संक्रमित हो गए। दूल्हा बने चंद्रकांत साहू ने कहा कि खुशियां जहां से मिले उन्हें ले लेना चाहिए। कोरोना महामारी ने लोग को डरा करके रखा है, इसलिए हमने अक्षय तृतीया के शुभ मुहूर्त को यादगार बनाने का फैसला लिया और शुक्रवार को दोबारा शादी के बंधन में बंधे।
वहीं, सेंटर के इंचार्ज दुष्यंत सोनबोइर ने बताया कि अक्षय तृतीया के दिन को खास बनाने के लिए इस तरह का कार्यक्रम किया। उन्होंने कहा कि कोरोना के चलते मरीजों के डर को भगाकर माहौल को खुशनुमा बनाने की कोशिश की गई। उन्होंने बताया कि दूल्हा-दुल्हन के तेल हल्दी रस्म के बाद मरीज जमकर थिरके। साथी मरीजों ने गिफ्ट देकर आशीर्वाद भी दिए। दुल्हन कांति ने भास्कर को बताया कि यह एक अलग अनुभूति है।










