इस बार भिलाई शहर की होली फूलों से बने गुलाल से सराबोर होगी। भिलाई नगर निगम के प्रशिक्षण के बाद यहां के गौठानों में महिला समूहों ने फूलों से रंग बिरंगा गुलाल तैयार किया है। महिला समूह द्वारा इस गुलाल को 70 रुपए किलो में बेचा जा रहा है। खास बात ये है कि इससे आपके त्वचा को भी नुकसान नहीं पहुंचेगा।
महिला समूहों से महापौर, आयुक्त और सभापति ने भी फूलों से बने गुलाल को खरीदा है। महापौर ने लोगों से अपील की है कि सिंथेटिक कलर छोड़कर इस बार सभी लोग हर्बल गुलाल से होली खेलें। इससे न सिर्फ होली की खुशियां दोगुनी होगी, बल्कि आंख व त्वचा को कोई नुकसान नहीं होगा। आम लोगों ने भी इस गुलाल को खरीदा है।
स्व-सहायता समूह की महिलाओं ने होली पर्व को देखते हुए फूलों से गुलाल बनाने का काम शुरू किया था। इस गुलाल का रेट उन्होंने 70 रुपए किलो रखा तो उनका पूरा का पूरा गुलाल हाथों हाथ बिक गया। लोगों की डिमांड को देखते हुए महिला समूह ने 30 किलो गुलाल और तैयार करने की बात कही है।







