
ईद-मिलाद-उन नबी के मौके पर दुर्ग-भिलाई की सभी मस्जिदों को बड़े ही आकर्षक तरीके से सजाया गया। इस मौके पर भिलाई के अहमद नगर कैम्प 2 बड़ी मस्जिद के पीछे पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन धूमधाम से मनाया गया। यहां कमेटी के लोगों ने मिलकर मस्जिद के आसपास के पूरे एरिया को लाइट व अन्य सजावट के समान से सजाया। अलग-अलग मस्जिदों का स्वरूप देते हुए झांकियां तैयार की गईं। इसे देखने के लिए पूरी रात लोग पहुंचते रहे।

मोहम्मद राज कबीर ने बताया कि रात भर जश्न के बाद रविवार सुबह से मुस्लिम समुदाय के लोग एक दूसरे से गले मिलकर ईद की मुबारकबाद दे रहे हैं। इस मौके पर पूरे शहर में जुलूस निकाला जाएगा। सुबह 8 बजे मदरसे के बच्चों का जुलूस निकाला जाएगा। इसके बाद जगह जगह परचम कुशाई होगी। दोपहर 2.30 बजे बड़ा जुलूस निकाला जाएगा। यह जुलूस कैंप 2 से होते हुए लिंक रोड, मुर्गा चौक, सेक्टर 5 होते हुए शाम को 6 बजे सेक्टर 6 पहुंचेगा। यहां परचम कुशाई होगी।

इस बार जुलूस की अगवाई किछोछा शरीफ उत्तर प्रदेश से आ रहे मुस्लिम धर्मगुरु हजरत महमूद मिया करेंगे। जगह जगह उनका स्वागत किया जाएगा। जुलूस में मुस्लिम व हिंदू समुदाय के लोग बड़ी संख्या में शामिल होंगे। हर साल की तरह इस बार जगह-जगह जुलूस का स्वागत किए जाने की तैयारी कर ली गई है।

खुर्सीपार में भी मुस्लिम समाज के लोगों द्वारा पैगंबर साहब का जन्म दिन धूमधाम से मनाया जाएगा। यहां जुलूस निकालने के साथ-साथ 250 से अधिक केक काटे जाएंगे। वहीं अहमद नगर में बड़ी मस्जिद के पास 1 हजार से अधिक पेस्ट्री के केकनुमा पीस काटे जाएंगे। इसके साथ ही बच्चों को खिलौने और तरह तरह की मिठाइयां बांटी जाएगी।

झांकी देख करबला से लेकर मक्का मदीना तक की आई याद
अहमद नगर कैम्प 2 बड़ी मस्जिद के पीछे हर साल पैगंबर मोहम्मद साहब का जन्मदिन बड़े ही हर्ष उल्लास से मनाया जाता है। शनिवार को रात यहां का पूरा क्षेत्र और बड़ी मस्जिद रंग बिरंगी लाइटों से सजी रही। यहां जो भी आ रहा था सजावट का मुरीद हो जा रहा था। इस मौके पर तमाम तरह की मजार की झाकियां बनाई गईं थीं। इसमें मक्का, मदीना, अक्सा मस्जिद, करबला, गौस पाक की मजार, मकनपुर की मजार, बरेली शरीफ की झाकियां बनाई गईं। भिलाई के जगह जगह से लोग इसे देखने पहुंचे।










