ईरान पर इजरायल का बड़ा हमला, तेहरान में कई धमाके; 30 ठिकानों को बनाया निशाना

नई दिल्ली। पश्चिम एशिया में तनाव चरम पर पहुंच गया है। इजरायल ने अमेरिका की मदद से ईरान पर बड़ा हमला किया है। Associated Press की रिपोर्ट के अनुसार, तेहरान के कई इलाकों में जोरदार धमाकों की आवाज सुनी गई।

बताया जा रहा है कि पहला हमला अयातुल्ला अली खामेनेई के कार्यालय के पास हुआ। हमले से पहले उन्हें सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया गया था। राजधानी में स्थित मेहराबाद एयरपोर्ट के आसपास भी धमाकों की आवाज सुनाई देने की जानकारी सामने आई है।

30 ठिकानों को बनाया निशाना

इजरायल के रक्षा मंत्रालय के मुताबिक, यह एक प्रिवेंटिव मिसाइल स्ट्राइक थी। हमले में ईरान के राष्ट्रपति भवन, कई मंत्रालयों के भवन और खुफिया एजेंसी के दफ्तर को निशाना बनाया गया। जानकारी के अनुसार, ईरान में करीब 30 अलग-अलग ठिकानों पर हमले किए गए।

पूरे इजरायल में अलर्ट, सायरन बजाए गए

Israel Defense Forces ने देशभर में एयर रेड सायरन बजाकर लोगों को संभावित जवाबी हमले के लिए सतर्क रहने को कहा है। नागरिकों को सुरक्षित स्थानों और शेल्टर के पास रहने की सलाह दी गई है।

एयरस्पेस बंद, स्कूल भी बंद

इजरायल ने एहतियातन अपना एयरस्पेस बंद कर दिया है। साथ ही स्कूलों को अगले आदेश तक बंद रखने और पूरे देश में इमरजेंसी लागू करने की घोषणा की गई है।