भिलाई से उत्तराखंड घूमने गए 55 टूरिस्ट तेज बारिश और भूस्खलन में फंस गए हैं। इस बात की जानकारी होने के बाद से राज्य सरकार लगातार उत्तराखंड प्रबंधन से संपर्क में है। दुर्ग कलेक्टर डॉ. एसएन भूरे ने बताया कि सभी 55 टूरिस्ट सुरक्षित हैं। नैनीताल कलेक्टर से बात करके सभी को वहीं एक स्कूल में शिफ्ट कराया गया है।
भिलाई से 14 अक्टूबर को 55 लोग उत्तराखंड घूमने के लिए गए थे। ये सभी नैनीताल व आसपास के क्षेत्र में तीन दिनों से हो रही भारी बारिश और भूस्खलन में फंस गए हैं। बताया जा रहा है कि सभी टूरिस्ट कसौली से नैनीताल के बीच कैंची धाम के पास फंसे हुए हैं। दुर्ग जिला प्रशासन ने नैनीताल और कसौली के अधिकारियों से चर्चा कर उनकी पूरी जानकारी ली है। दुर्ग कलेक्टर के मुताबिक भिलाई से गए सभी टूरिस्ट सुरक्षित हैं। किसी को कोई जान माल का नुकसान नहीं हुआ है। सभी टूरिस्ट के सुरक्षित एक स्कूल में ठहरा दिया गया है। जैसे ही बारिश रुकती है और रास्ता साफ होता है वह लोग सुरक्षित अपने घर पहुंच जाएंगे।









