Friday, March 20, 2026

उत्तराखंड में बरस रही आफत:दो दिन में 24 की मौत; नैनीताल और काठगोदाम के बीच रेल लाइन बही, हल्द्वानी में पुल टूटा

उत्तराखंड में भारी बारिश के चलते हालात बेहद खराब हो गए हैं। यहां मंगलवार को 11 और लोगों की मौत हो गई। सबसे ज्यादा कुमाऊं क्षेत्र प्रभावित है, जहां कई मकान जमींदोज हो गए हैं और मलबे में कई लोग दबे हुए हैं। नैनीताल का संपर्क राज्य के बाकी हिस्सों से कट गया है। यहां तक आने वाली तीनों सड़कें भूस्खलन के चलते ब्लॉक हो गई हैं। वहीं भारी बारिश के चलते नैनीताल जिले में काठगोदाम रेलवे स्टेशन को जोड़ने वाली रेलवे लाइन भी बह गई है।

इसके साथ ही राज्य में मरने वालों का आंकड़ा 24 हो गया है। स्टेट डिजास्टर मैनेजमेंट के सचिव एसए मुरुरेसन ने बताया कि पिछले 24 घंटे में राज्य में 200 मिमी से ज्यादा बारिश हुई है। सोमवार को बारिश के चलते पौड़ी और चंपावत में 5 मौतें हुई थीं। इसमें नेपाल के तीन मजदूर भी शामिल थे। मंगलवार को अल्मोड़ा, नैनीताल और ऊधम सिंह नगर में 11 लोगों की जान गई।