रायपुर। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर में एक दर्दनाक घटना सामने आई है। यहां भारतीय वायुसेना के एक विंग कमांडर ने आत्महत्या कर ली। उनका शव पुरैना स्थित विधायक कॉलोनी के घर में फांसी पर लटका मिला। घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के मुताबिक एयरफोर्स के विंग कमांडर विपुल यादव (39) पुरैना विधायक कॉलोनी स्थित बंगला नंबर-79 में रहते थे। गुरुवार सुबह उनका शव घर के बेडरूम में पंखे से लटका हुआ मिला। सबसे पहले घर में काम करने वाली मेड ने शव देखा और तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी।
एंटी नक्सल ऑपरेशन में थे तैनात
बताया जा रहा है कि विंग कमांडर विपुल यादव मूल रूप से हरियाणा के रहने वाले थे और फिलहाल रायपुर में तैनात थे। वे छत्तीसगढ़ में चल रहे एंटी नक्सल ऑपरेशन से जुड़े कार्यों में पदस्थ थे।
कमरे से नहीं मिला सुसाइड नोट
पुलिस के अनुसार घटनास्थल से कोई सुसाइड नोट बरामद नहीं हुआ है। जिस समय यह घटना हुई, उस वक्त घर के दूसरे कमरे में उनके दोनों बच्चे सो रहे थे। वहीं उनकी पत्नी काम के सिलसिले में दिल्ली गई हुई थीं।
2014 में हुई थी लव मैरिज
जानकारी के अनुसार विंग कमांडर की शादी वर्ष 2014 में लव मैरिज के रूप में हुई थी। उनकी पत्नी पहले एयरफोर्स में कार्यरत थीं और वर्तमान में आईटी सेक्टर में काम कर रही हैं।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद की आशंका जताई जा रही है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए आगे की कार्रवाई की जा रही है।









