Thursday, May 14, 2026

एसईसीएल बुड़बुड़ खदान में ट्रेलर चालक से मारपीट, मामला दर्ज

कोरबा-पाली। SECL Korba Area अंतर्गत सरायपाली स्थित बुड़बुड़ परियोजना खदान में ट्रेलर चालक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। गाड़ी आगे बढ़ाने की बात को लेकर हुए विवाद में यह घटना हुई।

पीड़ित गणेशराम शिंदे (45 वर्ष), निवासी ग्राम दमिया थाना पाली, ट्रेलर चालक है। जानकारी के अनुसार 10 मई 2026 को सुबह करीब 11 बजे वह खदान परिसर में वाहन लोडिंग के लिए जा रहा था, तभी खदान के अंदर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया।

आरोप है कि मंजीत के भांजे चिंटू उर्फ जसविंदर सिंह और उसके साथियों ने “गाड़ी आगे क्यों बढ़ा रहे हो” कहकर गाली-गलौज की और जान से मारने की धमकी देते हुए हाथ-मुक्कों से मारपीट की। घटना में चालक को सिर, कमर और पीठ में चोटें आई हैं।

मारपीट की सूचना पीड़ित ने अपने परिजनों को दी, जिसके बाद वह पाली थाना पहुंचा और रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने मामले में चिंटू उर्फ जसविंदर सिंह व अन्य आरोपियों के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5), 351(3) BNS के तहत अपराध दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।