देश में रविवार को ओमिक्रॉन के एक साथ 17 केस मिले हैं। इनमें राजस्थान में सबसे ज्यादा 9 मरीज हैं। ये सभी एक परिवार के हैं। इनमें से 4 हाल में दक्षिण से लौटे थे। चारों के संपर्क में आए 5 और लोगों में ओमिक्रॉन की पुष्टि हुई है। इससे पहले पुणे में दो और इससे सटे जिले पिंपरी चिंचवाड़ में 7 लोगों में नया वैरिएंट मिला था। दिल्ली में भी एक मरीज इससे संक्रमित मिला है। इसके साथ ही देश में इस वैरिएंट के 5 राज्यों में 22 केस हो गए हैं।
राजस्थान के संक्रमित मिले परिवार के 4 सदस्य 25 नवंबर को दक्षिण अफ्रीका से दुबई और मुंबई होते हुए जयपुर पहुंचे थे। यहां इनकी रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव आई थी। इनके सैंपल जीनोम सीक्वेंसिंग के लिए भेजे गए थे। उसकी रिपोर्ट भी पॉजिटिव आई है। यह परिवार राजस्थान स्वास्थ्य विज्ञान विश्वविद्यालय (RUHS) में भर्ती है। इनमें माता-पिता के साथ दो बच्चे शामिल है।









