नई दिल्ली। देश में कोरोना के ओमिक्रोन वैरिएंट से संक्रमित पाए गए पहले दो मरीजों में से एक बेंगलुरु के डाक्टर की कोरोना जांच रिपोर्ट फिर पाजिटिव आई है। वहीं, नए वैरिएंट से दहशत के बीच 558 दिन यानी डेढ़ साल बाद देश में कोरोना संक्रमण के नए मामले सबसे कम 6,822 सामने आए हैं जिसमें से अकेले केरल से ही 3,277 केस हैं। सक्रिय मामलों में भी करीब साढ़े तीन हजार की गिरावट दर्ज की गई है।
बृहद बेंगलुरु महानगर पालिका के अधिकारियों ने बताया कि ओमिक्रोन से संक्रमित पाए गए डाक्टर को क्वारंटाइन में रखा गया है। डाक्टर के साथ गुजराती मूल के जिस दक्षिण अफ्रीकी नागरिक को ओमिक्रोन से संक्रमित पाया गया था वह प्रशासन को बताए बिना विदेश चला गया है। इस मामले में अफ्रीकी नागरिक समेत संबंधित लोगों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है।







