Thursday, June 18, 2026

ओलिंपिक मेडलिस्ट पहलवान के खिलाफ केस दर्ज, कई जगह छापेमारी; पूर्व जूनियर नेशनल चैम्पियन की हत्या में शामिल होने का आरोप

दो बार के ओलिंपिक पदक विजेता पहलवान सुशील कुमार को दिल्ली पुलिस तलाश रही है। सुशील पर पूर्व जूनियर नेशनल चैम्पियन सागर की हत्या और छत्रसाल स्टेडियम में हुई झड़प में शामिल होने का आरोप है। उनके खिलाफ FIR भी दर्ज की गई है। मामले में दिल्ली पुलिस जगह-जगह छापेमारी कर रही है। पुलिस के मुताबिक, घटना के बाद से सुशील लापता हैं।


मामला दिल्ली के मॉडल टाउन इलाके में छत्रसाल स्टेडियम का है। बताया जा रहा है कि यह झगड़ा प्रॉपर्टी विवाद को लेकर हुआ। सागर और उसके दोस्त जिस घर में रहते थे, सुशील उसे खाली करने का दबाव बना रहे थे। इसी को लेकर मंगलवार देर रात स्टेडियम के अंदर पहलवानों के दो गुट आपस में भिड़ गए। इसमें 5 पहलवान जख्मी हो गए। इनमें से एक सागर (23) ने अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। वह दिल्ली पुलिस में हेड कांस्टेबल का बेटा था।


पुलिस के मुताबिक, घटना रात में करीब 1.15 से 1.30 के बीच स्टेडियम के पार्किंग एरिया में हुई। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, तो वहां 5 गाड़ियां खड़ी मिलीं। सागर और उसके 4 अन्य पहलवान साथियों को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। इसमें सोनू (37), अमित कुमार (27) और 2 अन्य पहलवान शामिल थे।