Monday, November 9, 2026

कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर भीषण सड़क हादसा, ट्रेलर की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत; चालक फरार

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार का कहर थमने का नाम नहीं ले रहा है। कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रेलर की चपेट में आने से बाइक सवार युवक की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रेलर चालक वाहन समेत घटनास्थल से फरार हो गया। घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया।

पोड़ी उपरोड़ा से कटघोरा जा रहा था युवक

मिली जानकारी के अनुसार, युवक बाइक से पोड़ी उपरोड़ा की ओर से कटघोरा जा रहा था। इसी दौरान तानाखार से आगे भालू मोड़ के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि युवक गंभीर रूप से घायल हो गया और उसने घटनास्थल पर ही दम तोड़ दिया।

कटघोरा और बांगो पुलिस पहुंची मौके पर

हादसे के बाद घटनास्थल पर राहगीरों और स्थानीय लोगों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना मिलते ही कटघोरा और बांगो पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई शुरू की। फिलहाल मृतक युवक की पहचान नहीं हो पाई है।

फरार ट्रेलर चालक की तलाश में जुटी पुलिस

पुलिस मृतक की शिनाख्त करने के साथ ही हादसे के बाद फरार हुए ट्रेलर और उसके चालक की तलाश में जुटी हुई है। मामले की जांच की जा रही है। इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर कटघोरा-अंबिकापुर मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहनों की आवाजाही और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं।