Sunday, October 18, 2026

कटघोरा में देर रात गोलीकांड से मची सनसनी, एक आरोपी हिरासत में

कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के कसनिया गांव में बुधवार रात करीब 11 बजे हुई गोलीबारी से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। अचानक हुई फायरिंग से ग्रामीणों में दहशत का माहौल बन गया। सूचना पर पुलिस अधिकारी फोर्स के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। इस दौरान एक आरोपी को हिरासत में ले लिया गया है।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कसनिया निवासी सिकंदर मेमन के घर के सामने से एक अज्ञात युवक बाइक से गुजरा और फायरिंग कर दी। गोलीबारी में एक राउंड लोहे के शटर को पार कर गया जबकि दूसरी गोली दरवाजे पर लगी। गनीमत रही कि परिवार के सभी सदस्य सुरक्षित रहे।

घटना के बाद आरोपी भागने की फिराक में था, लेकिन हाईवे की ओर जाते समय उसकी बाइक दुर्घटनाग्रस्त हो गई। लोगों को चकमा देने के लिए उसने शर्ट बदलने की कोशिश की, लेकिन ग्रामीणों को शक हुआ और उन्होंने उसका पीछा किया। आरोपी बस में सवार होकर कटघोरा भागने की कोशिश कर रहा था, तभी स्थानीय लोगों और पुलिस ने मिलकर उसे धर दबोचा।

घटना की जानकारी मिलते ही कोरबा एसपी सिद्धार्थ तिवारी स्वयं मौके पर पहुंचे। उन्होंने बताया कि “फिलहाल घटना का कारण स्पष्ट नहीं हुआ है। दो राउंड फायरिंग की पुष्टि हुई है। आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है।”