बिलासपुर कलेक्ट्रेट परिसर में एंटी करप्शन ब्यूरो (ACB) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अतिरिक्त न्यायालय जिला दंडाधिकारी कार्यालय में पदस्थ लिपिक विजय पांडेय को 15 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के बाद पूरे कलेक्ट्रेट परिसर में हड़कंप मच गया।
जानकारी के अनुसार, खाद्य सुरक्षा अधिनियम के तहत एक व्यापारी पर लगाए गए 1 लाख रुपये के जुर्माने को कम कराने के नाम पर आरोपी लिपिक द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। मामले में कोटा निवासी देवेंद्र कश्यप ने एसीबी से शिकायत की थी।
शिकायत की प्राथमिक जांच और पुष्टि के बाद एसीबी टीम ने योजनाबद्ध तरीके से ट्रैप कार्रवाई की। तय योजना के तहत जैसे ही शिकायतकर्ता देवेंद्र कश्यप ने आरोपी विजय पांडेय को 15 हजार रुपये दिए, उसी समय एसीबी की टीम ने कार्यालय पहुंचकर उसे रंगे हाथ पकड़ लिया।
फिलहाल एसीबी की टीम आरोपी से पूछताछ कर रही है और मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई जारी है।









