कोरबा। एसईसीएल की कुसमुंडा खदान में मंगलवार सुबह एक बड़ा हादसा हो गया। जानकारी के अनुसार, नीलकंठ साकार जीवी कंपनी के दो डंपर डंप स्लाइड होने के कारण अचानक नीचे गिर गए। हालांकि, राहत की बात यह रही कि दोनों डंपर चालकों ने किसी तरह अपनी जान बचा ली और वे सुरक्षित हैं।
घटना की सूचना मिलते ही खदान में हड़कंप मच गया। मौके पर मौजूद कर्मचारी और संबंधित विभाग के अधिकारी तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे और स्थिति का जायजा लिया।
पहले भी हो चुके हैं हादसे
स्थानीय सूत्रों के मुताबिक, कुसमुंडा खदान में यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार डंप स्लाइड और अन्य कारणों से गंभीर हादसे हो चुके हैं, जिनमें लोगों की जान तक जा चुकी है। इसके बावजूद सुरक्षा व्यवस्था में कोई ठोस सुधार नहीं देखा जा रहा है।
सुरक्षा व्यवस्था पर उठ रहे सवाल
खदान में कार्यरत निजी कंपनियों, खासकर नीलकंठ साकार जीवी कंपनी द्वारा मिट्टी की ओवर कटिंग का काम किया जाता है। आरोप है कि इन कंपनियों द्वारा सुरक्षा मानकों का पालन केवल औपचारिकता बनकर रह गया है।
स्थानीय लोगों और कर्मचारियों का कहना है कि बार-बार हादसों के बावजूद संबंधित अधिकारी सुरक्षा को लेकर गंभीर नजर नहीं आ रहे हैं, जिससे भविष्य में बड़े हादसों की आशंका बनी हुई है।
प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग
घटना के बाद लोगों ने प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन से सुरक्षा व्यवस्था को दुरुस्त करने और जिम्मेदारों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।









