कुसमुंडा में सड़क हादसे में अदानी पावर कर्मी सुभाष तिवारी की मौत, क्षेत्र में शोक की लहर

कोरबा। जिले के कुसमुंडा क्षेत्र अंतर्गत विकास नगर निवासी सुभाष तिवारी (45 वर्ष) की गुरुवार को सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। हादसे की खबर फैलते ही पूरे क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई।

जानकारी के अनुसार, सुभाष तिवारी अदानी पावर कंपनी में कार्यरत थे। वे घुड़देवा स्कूल के छात्र रहे हैं और खेलकूद में हमेशा आगे रहते थे। वे अपने मिलनसार स्वभाव के लिए जाने जाते थे और छोटे-बड़ों को “मित्र”, “मितान” और “भ्राता” कहकर संबोधित करते थे।

गुरुवार की सुबह वे किसी कार्य से आदर्श नगर की ओर गए थे। वापसी के दौरान सकरे लक्ष्मण नाला पुल पर किसी अज्ञात वाहन ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे बाइक सहित नाले में गिर पड़े। सिर पर गंभीर चोट लगने से उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर मर्ग पंचनामा किया और अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू कर दी है। शव का पोस्टमार्टम गुरुवार दोपहर किया गया और परिजनों को सौंप दिया गया।

सुभाष तिवारी के परिवार में उनकी वृद्ध मां, पत्नी और दो बेटियां हैं। उनके निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। शुक्रवार को विकास नगर स्थित मुक्तिधाम में उनका अंतिम संस्कार किया गया, जहां बड़ी बेटी ने नम आंखों से पिता को मुखाग्नि दी।