अंबिकापुर। छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले में नेशनल हाईवे-43 पर रविवार रात केमिकल से भरे एक ट्रक में अचानक भीषण आग लग गई। ट्रक में आग की लपटें उठती देख चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए वाहन को सड़क किनारे खड़ा किया और कूदकर अपनी जान बचाई। ट्रक में केमिकल लोड होने के कारण हादसे को लेकर मौके पर हड़कंप मच गया। घटना का वीडियो भी सामने आया है।
रेणुकूट से विशाखापट्टनम जा रहा था ट्रक
मिली जानकारी के अनुसार, ट्रक क्रमांक CG 15 FJ 4994 केमिकल लेकर रेणुकूट से विशाखापट्टनम की ओर जा रहा था। इसी दौरान रविवार रात करीब 8 बजे बतौली थाना क्षेत्र के बेलकोटा के पास नेशनल हाईवे-43 पर ट्रक में अचानक आग लग गई। देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। ट्रक में ज्वलनशील प्रकृति का केमिकल होने की आशंका के चलते स्थिति और गंभीर हो गई।
चालक ने कूदकर बचाई जान, मौके पर पहुंची पुलिस और दमकल
ट्रक में आग लगते ही चालक ने खतरे को भांप लिया और तत्काल वाहन को सड़क किनारे खड़ा कर दिया। इसके बाद उसने ट्रक से कूदकर अपनी जान बचाई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस और दमकल की गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। तब तक ट्रक का काफी हिस्सा आग की चपेट में आ चुका था।
पुलिस ने एहतियातन हाईवे पर वाहनों को सुरक्षित स्थान पर रुकवाया, ताकि आग बुझाने के दौरान कोई अन्य हादसा न हो। इसके बाद दमकल कर्मियों ने आग बुझाने का अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद ट्रक में लगी आग पर काबू पा लिया गया।
शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका
फिलहाल ट्रक में आग लगने के वास्तविक कारणों का पता नहीं चल पाया है। प्रारंभिक तौर पर शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही आग लगने की असली वजह स्पष्ट हो सकेगी। राहत की बात यह है कि चालक ने समय रहते ट्रक से कूदकर अपनी जान बचा ली।







