कोरबा। गेवरा परियोजना स्थित कर्मा भवन बुधवारी बाजार में गुरुवार को कोयला मजदूर सभा गेवरा क्षेत्र, दीपका क्षेत्र और केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला गेवरा की संयुक्त बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता केंद्रीय कार्यवाहक अध्यक्ष एवं संभाग प्रभारी कोरबा श्री केदारनाथ अग्रवाल ने की। बैठक में तीनों क्षेत्रों के बड़ी संख्या में सदस्य और पदाधिकारी शामिल हुए।
बैठक शाम 6 बजे शुरू हुई। बताया गया कि बैठक की सूचना दो दिन पहले ही संबंधित पदाधिकारियों और सदस्यों को व्हाट्सएप और पत्र के माध्यम से भेज दी गई थी। कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री श्री गिरजा साहू द्वारा केदारनाथ अग्रवाल का फूल-माला से स्वागत कर की गई।
बैठक में संगठन की वर्तमान स्थिति और विभिन्न क्षेत्रों में कार्यकारिणी को लेकर असंतोष का मुद्दा प्रमुख रूप से उठा। वक्ताओं ने कहा कि गेवरा, दीपका और केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला गेवरा क्षेत्र की मौजूदा कार्यकारिणी को भंग कर नई कार्यकारिणी का गठन सर्वसम्मति से किया जाना चाहिए। सदस्यों का आरोप था कि पिछले 15 से 20 वर्षों से कई पदों पर एक ही लोग बने हुए हैं और योग्य लोगों को अवसर नहीं मिल पा रहा है।
सभा में मौजूद सदस्यों और पदाधिकारियों ने एक स्वर में प्रस्ताव का समर्थन किया। बैठक में श्री राजेश सिंह, श्री आरएस तिवारी, श्री दीपक कुमार दुबे, श्री शिवकुमार, श्री सुशील पांडे, श्री वीरेंद्र कुमार राठौर, श्री लोकपाल सिंह, श्री विजय कुमार, श्री परदेसी सिंह कंवर और श्रीमती श्यामंता साहू सहित कई पदाधिकारियों ने अपने विचार रखे।
बैठक को संबोधित करते हुए श्री केदारनाथ अग्रवाल ने कहा कि सदस्यों की बातें सुनकर उन्हें दुख हुआ कि संगठन के कई कार्यकर्ता खुद को प्रताड़ित महसूस कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि सर्वसम्मति से पारित प्रस्ताव को केंद्रीय महामंत्री तक पहुंचाया जाएगा और उनके दिशा-निर्देश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में गेवरा, दीपका और केंद्रीय उत्खनन कर्मशाला क्षेत्र से बड़ी संख्या में कर्मचारी और सदस्य उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान संगठन में बदलाव, पारदर्शिता और नए नेतृत्व को अवसर देने की मांग प्रमुख रूप से सामने आई।









