Saturday, August 8, 2026

कोरबा : खेत में मिला 4 फीट लंबा मगरमच्छ, ग्रामीणों में मचा हड़कंप; रेस्क्यू टीम ने सुरक्षित पकड़ा

कोरबा। कोरबा वन मंडल के करतला वन परिक्षेत्र अंतर्गत ग्राम तरदा में खेत के भीतर करीब चार फीट लंबा मगरमच्छ मिलने से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। मगरमच्छ दिखाई देने की सूचना ग्रामीणों ने तत्काल वन विभाग को दी। साथ ही नोवा नेचर वेलफेयर सोसायटी के सदस्य और वाइल्डलाइफ रेस्क्यू टीम प्रमुख जितेंद्र सारथी को भी सूचना दी गई।

वन विभाग और रेस्क्यू टीम ने संभाला मोर्चा

सूचना मिलते ही जितेंद्र सारथी अपनी टीम और वन विभाग के कर्मचारियों के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने आसपास के क्षेत्र का जायजा लेने के बाद सावधानीपूर्वक रेस्क्यू अभियान शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद करीब चार फीट लंबे मगरमच्छ को सुरक्षित पकड़ लिया गया।

रेस्क्यू के दौरान बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर मौजूद रहे। टीम ने लोगों को मगरमच्छ से सुरक्षित दूरी बनाए रखने की समझाइश दी।

तीन और मगरमच्छ होने की जानकारी से बढ़ी चिंता

इधर, ग्रामीणों ने दावा किया कि आसपास के खेतों में तीन अन्य मगरमच्छों को भी देखे जाने की जानकारी सामने आई है। इससे एक मगरमच्छ के रेस्क्यू के बाद भी ग्रामीणों की चिंता पूरी तरह खत्म नहीं हुई है।

क्षेत्र में अन्य मगरमच्छों की मौजूदगी की आशंका को देखते हुए ग्रामीणों ने वन विभाग से निगरानी बढ़ाने और आसपास के इलाकों की जांच करने की मांग की है।

वन्यजीव दिखे तो खुद पकड़ने की कोशिश न करें

रेस्क्यू टीम ने ग्रामीणों से अपील की है कि किसी भी वन्यजीव के दिखाई देने पर उसके करीब न जाएं और न ही खुद उसे पकड़ने का प्रयास करें। तत्काल वन विभाग या प्रशिक्षित रेस्क्यू टीम को सूचना दें।

सफल रेस्क्यू के बाद मगरमच्छ को सुरक्षित स्थान पर ले जाया गया। समय पर सूचना मिलने और प्रशिक्षित टीम की सक्रियता से संभावित हादसा टल गया।