Tuesday, June 9, 2026

**कोरबा: डूमरकछार गांव में चंगाई सभा को लेकर विवाद, हिंदू संगठनों ने कराया बंद**

**कोरबा, 8 जून।** जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत डूमरकछार गांव में रविवार सुबह आयोजित एक चंगाई सभा को लेकर विवाद की स्थिति उत्पन्न हो गई। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने सभा स्थल पर पहुंचकर कार्यक्रम का विरोध किया और सभा को बंद करा दिया। सूचना मिलते ही डायल-112 और पाली पुलिस मौके पर पहुंची तथा स्थिति को नियंत्रित किया।

 

जानकारी के अनुसार, यह सभा डूमरकछार गांव में एक निजी मकान में आयोजित की जा रही थी। बताया जा रहा है कि उक्त मकान बिजली विभाग में कंप्यूटर ऑपरेटर के पद पर कार्यरत एक व्यक्ति का है। सभा में कटघोरा, हरदीबाजार और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से लोगों को बुलाया गया था।

 

हिंदू संगठन के पदाधिकारियों ने आरोप लगाया कि गांव में बिना अनुमति चंगाई सभा आयोजित की जा रही थी, जिसमें ग्रामीणों को प्रार्थना के लिए एकत्र किया गया था। विरोध के बाद सभा में शामिल लोग धीरे-धीरे अपने घरों के लिए रवाना हो गए।

 

घटना के बाद बड़ी संख्या में हिंदू संगठन के पदाधिकारी और कार्यकर्ता पाली थाना पहुंचे और मामले की लिखित शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने सभा आयोजित करने वाले मकान मालिक से पूछताछ शुरू कर दी है तथा आयोजन से संबंधित तथ्यों की जांच की जा रही है।

 

पाली थाना पुलिस का कहना है कि शिकायत प्राप्त हुई है और मामले की जांच के बाद आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल क्षेत्र में स्थिति सामान्य बताई जा रही है।