Thursday, March 12, 2026

कोरबा: नशेड़ियों का आतंक! घर में घुसकर युवक को सड़क पर घसीटा, फिर चाकू और लात-घूंसों से बेरहमी से पीटा

कोरबा: ऊर्जाधानी कोरबा के कोतवाली थाना क्षेत्र अंतर्गत इमली डुग्गू इलाके में नशेड़ियों के बढ़ते हौसलों ने सनसनी फैला दी है। यहाँ एक युवक को महज इसलिए लहूलुहान कर दिया गया क्योंकि उसने घर के बाहर गाली-गलौज करने से मना किया था। हमलावरों ने युवक को उसके घर से खींचकर बाहर निकाला और बीच सड़क पर बेरहमी से मारपीट की।

गाली-गलौज का विरोध पड़ा भारी

पीड़ित संजय यादव के अनुसार, वह देर शाम काम से घर लौटा था। घर के बाहर कुछ युवक नशे की हालत में जोर-जोर से अश्लील गालियां दे रहे थे। संजय ने शालीनता से उन्हें वहां से जाने और गाली-गलौज न करने को कहा। इसके बाद वह अपने घर के अंदर चला गया। लेकिन नशे में धुत आरोपियों को यह नागवार गुजरा।

घर से खींचकर किया जानलेवा हमला

संजय के घर के अंदर जाते ही 6 से अधिक युवक उसके घर के गेट पर आ धमके। उन्होंने जबरन संजय को घर से बाहर खींच लिया और सड़क पर पटक दिया। आरोपियों ने संजय के सिर, हाथ और सीने पर ताबड़तोड़ वार किए। पीड़ित का आरोप है कि हमलावरों के पास चाकू भी थे, जिससे उसे गंभीर चोटें आई हैं। जब परिवार के सदस्य बीच-बचाव करने आए, तो दरिंदों ने उन्हें भी नहीं बख्शा और उनके साथ भी मारपीट की।

इन पर लगा हमले का आरोप

पीड़ित परिवार ने पुलिस को बताया कि इस हमले में महेश, साहिल, बिट्टू, छोटू पांडे, विजय पांडे और उमेश सागर समेत अन्य युवक शामिल थे। संजय को गंभीर हालत में जिला मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उसका उपचार जारी है।

“इलाके में महिलाओं का निकलना मुश्किल”

संजय के भाई विजय ने इलाके के खौफनाक मंजर को बयां करते हुए कहा कि ये हमलावर आदतन नशेड़ी हैं और नशे की गोलियों का सेवन करते हैं। इनका आतंक इतना है कि शाम होते ही मोहल्ले में महिलाओं और बच्चों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है। आए दिन ये नशेड़ी राहगीरों और स्थानीय निवासियों के साथ बदतमीजी करते हैं।

पुलिसिया कार्रवाई

पीड़ित परिवार की शिकायत पर कोतवाली पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है और आश्वासन दिया है कि जल्द ही सभी हमलावर सलाखों के पीछे होंगे।