कोरबा-पाली। जिले के पाली थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पोलमी में मारपीट का बदला लेने के नाम पर एक युवक पर पिता और उसके दो पुत्रों ने मिलकर बेरहमी से हमला कर दिया। आरोपियों ने युवक के साथ जमकर मारपीट की और उसके सिर पर सेविंग ब्लेड से वार कर दिया, जिससे उसका सिर गहराई तक फट गया। घायल युवक का उपचार सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) पाली में जारी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, प्रार्थी सुभाष श्याम (27 वर्ष), पिता कैलाश श्याम, ग्राम पोलमी का निवासी है और मजदूरी का कार्य करता है। घटना 9 फरवरी की बताई जा रही है। उस दिन उसका भाई वीरेंद्र श्याम अपने दोस्त अनिल कुमार के साथ प्राथमिक स्कूल की ओर से अपने घर बीचपारा पोलमी जा रहा था। शाम करीब 7 बजे गांव के ही रहने वाले आकाश डिक्सेना, आशीष डिक्सेना और उनके पिता हरी डिक्सेना वहां पहुंचे।
बताया जा रहा है कि तीनों ने वीरेंद्र श्याम को गाली-गलौच करते हुए आरोप लगाया कि उसने आकाश के साथ मारपीट की है। इसी बात को लेकर विवाद बढ़ गया और आरोपियों ने वीरेंद्र को जान से मारने की धमकी दी। इसी दौरान आकाश डिक्सेना ने सेविंग ब्लेड से उसके सिर पर वार कर दिया, जबकि आशीष और हरी डिक्सेना ने हाथ-मुक्कों से जमकर मारपीट की।
हमले में पीड़ित के सिर, गले और पेट में गंभीर चोटें आई हैं। उसे तत्काल उपचार के लिए सीएचसी पाली में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।
घायल के भाई सुभाष श्याम की रिपोर्ट पर पाली पुलिस ने आरोपी आकाश डिक्सेना, आशीष डिक्सेना और हरी डिक्सेना के खिलाफ धारा 115(2), 296, 3(5) और 351(3) BNS के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है और लोग आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। पुलिस का कहना है कि मामले की विवेचना जारी है और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।







