कोरबा। सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से कोरबा पुलिस द्वारा 01 जनवरी से 31 जनवरी 2026 तक सड़क सुरक्षा माह का सफल आयोजन किया गया। यह अभियान पुलिस अधीक्षक कोरबा श्री सिद्धार्थ तिवारी के मार्गदर्शन में जिले के समस्त थाना एवं चौकी क्षेत्रों में प्रभावी रूप से संचालित किया गया।
समापन कार्यक्रम में दिया गया सुरक्षा संदेश
सड़क सुरक्षा माह के समापन अवसर पर करतला से हाटी रोड पर विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें कोरबा कलेक्टर श्री कुणाल देवदत्त एवं पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ तिवारी की गरिमामयी उपस्थिति रही। इस दौरान सड़क किनारे स्थित पेड़ों पर कलर एवं रेडियम पट्टी लगाए जाने का अभियान चलाया गया। कलेक्टर एवं पुलिस अधीक्षक ने स्वयं श्रमदान करते हुए पेड़ों पर रेडियम पट्टी लगाई और रात्रि के समय वाहन चालकों को बेहतर दृश्यता उपलब्ध कराने का संदेश दिया, ताकि दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।
27 जागरूकता कार्यक्रमों का आयोजन
सड़क सुरक्षा माह के दौरान कोरबा पुलिस द्वारा जिलेभर में विभिन्न जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए गए। इनमें स्कूल एवं कॉलेजों में 12 यातायात प्रशिक्षण कार्यक्रमों के माध्यम से लगभग 2820 विद्यार्थियों को जागरूक किया गया। एक हेलमेट रैली में करीब 150 नागरिकों ने सहभागिता की, जबकि नुक्कड़ नाटक के माध्यम से लगभग 400 लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया गया।
इसके अलावा सार्वजनिक स्थानों पर 9 जागरूकता कार्यक्रमों के जरिए लगभग 1910 नागरिकों को लाभान्वित किया गया। सड़क सुरक्षा पोस्टर चस्पा कर करीब 1000 नागरिकों तक संदेश पहुंचाया गया। यातायात नियमों का पालन करने वालों को गुलाब देकर सम्मानित करने का भी कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें 350 लोगों को प्रोत्साहित किया गया। वहीं, स्कूली वाहनों की जांच हेतु एक विशेष अभियान में 75 वाहन/व्यक्तियों की जांच की गई।
6705 नागरिकों तक पहुंचा संदेश
इन सभी गतिविधियों के माध्यम से कुल 27 कार्यक्रम आयोजित किए गए, जिनसे लगभग 6705 नागरिक सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक हुए।
कोरबा पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करें तथा सुरक्षित गति से वाहन चलाएं। पुलिस ने यह भी स्पष्ट किया कि सड़क सुरक्षा को लेकर ऐसे जागरूकता एवं दुर्घटना-निवारक कार्यक्रम भविष्य में भी लगातार जारी रहेंगे, ताकि आमजन की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।









