Wednesday, September 9, 2026

कोरबा: बालको कॉफी पॉइंट पर चाकूबाजी, युवक-युवती पर हमला कर आरोपी फरार

कोरबा। बालको नगर थाना क्षेत्र के कॉफी पॉइंट पर युवक-युवती पर हुए जानलेवा हमले ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। शनिवार रात हुई इस घटना में अज्ञात हमलावरों ने एक युवक और उसकी गर्लफ्रेंड को चाकू से घायल कर फरार हो गए। घटना के बाद राहगीरों ने दोनों को गंभीर हालत में देखकर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और घायलों को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया।

घटना के दौरान शुक्लखार निवासी चंद्रभान देवपहरी अपनी गर्लफ्रेंड के साथ कॉफी पॉइंट से लौट रहा था। तभी बाइक सवार आरोपियों ने उन्हें ओवरटेक कर रोका और बहस करने लगे। बहस के बाद हाथापाई शुरू हुई और आरोपियों ने चंद्रभान की आंखों में मिर्ची पाउडर डालकर चाकू से गर्दन पर हमला किया। घायल चंद्रभान ने बताया कि हमलावर लगातार जानकारी मांगने का दबाव बना रहे थे।

हमलावरों की बेरहमी

चंद्रभान और उसकी गर्लफ्रेंड ने मिर्ची पाउडर से अंधे होने के बावजूद साहस दिखाते हुए हमलावरों का सामना किया। लेकिन एक हमलावर ने चाकू से हमला कर दिया और चंद्रभान के हाथ को दांत से काटते हुए उसका पर्स छीन लिया। इसके बाद आरोपी जंगल की ओर भाग निकले।

राहगीरों की मदद से अस्पताल पहुंचाया गया

घटना के बाद राहगीरों ने घायलों को देखकर पुलिस को सूचना दी। डायल 112 की टीम ने मौके पर पहुंचकर घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया। पुलिस ने पीड़ित की शिकायत पर मामला दर्ज कर लिया है और आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।