कोरबा। कटघोरा थाना क्षेत्र के चर्चित राज ज्वैलर्स लूटकांड में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सूत्रों के अनुसार, मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि वारदात का कथित मास्टरमाइंड अभी भी पुलिस की गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस की विशेष टीमें लगातार संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।
जानकारी के मुताबिक, मामले का आधिकारिक खुलासा आज दोपहर 3 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय, कोरबा के मीटिंग हॉल में आयोजित प्रेस वार्ता के दौरान किया जाएगा। प्रेस कॉन्फ्रेंस में पुलिस अधीक्षक पूरे घटनाक्रम, गिरफ्तार आरोपियों की भूमिका, बरामदगी और जांच की प्रगति से जुड़ी विस्तृत जानकारी साझा करेंगे।
गौरतलब है कि कटघोरा स्थित राज ज्वैलर्स में दिनदहाड़े हुई लूट की वारदात ने पूरे जिले में सनसनी फैला दी थी। घटना के बाद पुलिस ने विशेष टीम गठित कर आरोपियों की तलाश शुरू की थी। अब दो आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद इस हाई-प्रोफाइल मामले में कई अहम खुलासे होने की उम्मीद जताई जा रही है।
फिलहाल पुलिस मुख्य आरोपी की तलाश में जुटी हुई है। मामले से जुड़े अन्य पहलुओं और संभावित बरामदगी को लेकर भी जांच जारी है। दोपहर में होने वाली पुलिस अधीक्षक की प्रेस वार्ता के बाद पूरे मामले की तस्वीर और स्पष्ट होने की संभावना है।











