कोरबा में कृषि मंडी अधिकारी पर यौन उत्पीड़न का आरोप, शादी का झांसा देकर संबंध बनाने की शिकायत, रायगढ़ से गिरफ्तारी

कोरबा। कोरबा जिले में पदस्थ एक कृषि मंडी अधिकारी पर महिला ने गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी अधिकारी को रायगढ़ जिले से गिरफ्तार कर लिया है।

शादी का झांसा देकर बनाए संबंध, महिला का आरोप

पीड़ित महिला ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि कृषि मंडी कटघोरा में पदस्थ अधिकारी राहुल साहू ने उससे दोस्ती की और शादी का वादा किया। महिला का आरोप है कि इसी भरोसे में आकर वह करीब एक वर्ष तक उसके साथ संबंध बनाता रहा।

महिला के अनुसार, आरोपी लगातार शादी का आश्वासन देता रहा और इसी माह दोनों की शादी तय होने वाली थी। लेकिन अचानक उसने फोन बंद कर संपर्क खत्म कर दिया। बाद में संपर्क होने पर उसने शादी से साफ इनकार कर दिया और कथित रूप से धमकी भी दी।

पुलिस ने दर्ज किया मामला, टीम गठित

शिकायत मिलने के बाद कटघोरा थाना प्रभारी धर्मनारायण तिवारी ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कराई। आरोपी की तलाश के लिए एसआई राजेन्द्र प्रताप सिंह के नेतृत्व में टीम बनाई गई।

घरघोड़ा से गिरफ्तारी, न्यायिक हिरासत में भेजा

जांच के दौरान आरोपी के घरघोड़ा में पदस्थ होने की जानकारी मिली। पुलिस टीम वहां पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर कटघोरा लाया गया।

बाद में आरोपी को कटघोरा न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।