Monday, March 23, 2026

कोरबा में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई: पानी पाउच और आइसक्रीम फैक्ट्रियों पर छापा, नमूने जांच के लिए भेजे

कोरबा। कोरबा जिले में खाद्य सुरक्षा विभाग ने मिलावटी और मानकहीन उत्पादों पर रोक लगाने के लिए बड़ी कार्रवाई की है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा दीपक अग्रवाल के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत पानी और आइसक्रीम बनाने वाली फैक्ट्रियों में छापेमारी की गई।

पानी पाउच और आइसक्रीम के नमूने जब्त
कार्रवाई के दौरान दीपका स्थित मित्तल इंडस्ट्रीज से “Smart Water” ब्रांड के ड्रिंकिंग वाटर पाउच के नमूने लिए गए। वहीं, मुड़ापार कोरबा में संचालित फ्लेक्सो आइसक्रीम फैक्टरी से भी आइसक्रीम के सैंपल जब्त किए गए।

जांच टीम ने सभी नमूनों को रायपुर स्थित फूड लैब भेज दिया है, जहां उनकी गुणवत्ता और निर्धारित मानकों के अनुसार जांच की जाएगी।

FSSAI नियमों का पालन करने के निर्देश
छापेमारी के दौरान संबंधित फर्मों को FSSAI के नियमों के तहत संचालन के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए गए। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि खाद्य सुरक्षा मानकों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई
जिला खाद्य अधिकारी विकास भगत ने बताया कि नमूनों की रिपोर्ट 15 से 20 दिनों में आने की संभावना है, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में बिना लाइसेंस संचालित एक फैक्ट्री को सील किया गया था।

गर्मी में बढ़ी मांग, विभाग की सख्ती
गर्मी के मौसम में आइसक्रीम, पानी पाउच और बोतलबंद पानी की मांग बढ़ने के साथ ही कई जगहों पर नियमों की अनदेखी की शिकायतें मिल रही हैं। विभाग की टीम उत्पादों की गुणवत्ता, पैकिंग, निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट पर विशेष नजर रख रही है।

इसके अलावा दुकानों, ठेलों और गुमठियों पर भी जांच की जा रही है। शिकायतें मिली हैं कि ₹15 की पानी की बोतल ₹20 में और ₹2 का पाउच ₹3 में बेचा जा रहा है। ऐसे मामलों में भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।