Tuesday, September 8, 2026

कोरबा में तेज रफ्तार कार ने साइकिल सवार को मारी टक्कर, मौके पर मौत: ग्रामीणों ने 2 घंटे किया चक्काजाम; स्ट्रीट लाइट की मांग

कोरबा। छत्तीसगढ़ के कोरबा जिले में तेज रफ्तार वाहनों का कहर लगातार जारी है। उरगा थाना क्षेत्र के ग्राम खेरभावना के पास सोमवार देर रात एक तेज रफ्तार अज्ञात कार ने साइकिल सवार को जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में साइकिल सवार की मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के बाद कार चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया।

मृतक की पहचान सुरेंद्र सिंह कंवर (47) पिता स्वर्गीय दुबराज सिंह कंवर, निवासी ग्राम कनबेरी के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि सुरेंद्र सिंह कोरबा से अपना काम निपटाकर साइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान खेरभावना के पास विपरीत दिशा से आ रही कार ने उन्हें अपनी चपेट में ले लिया।

टक्कर के बाद कार चालक फरार

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, कार काफी तेज रफ्तार में थी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि सुरेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। हादसे के बाद कार चालक बिना रुके वाहन लेकर फरार हो गया।

घटना की जानकारी मिलते ही उरगा थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। वहीं अज्ञात कार और उसके चालक की पहचान के लिए जांच शुरू कर दी गई है।

ग्रामीणों ने 2 घंटे किया चक्काजाम

हादसे के बाद ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। ग्रामीणों ने मुआवजे और खेरभावना मार्ग पर स्ट्रीट लाइट लगाने की मांग को लेकर सड़क पर चक्काजाम कर दिया।

करीब दो घंटे तक सड़क पर आवागमन बाधित रहा। चक्काजाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। ग्रामीणों का कहना है कि खेरभावना के पास रात के समय सड़क पर काफी अंधेरा रहता है और स्ट्रीट लाइट नहीं होने के कारण दुर्घटना का खतरा बना रहता है।

25 हजार रुपए की सहायता के आश्वासन के बाद खत्म हुआ जाम

पुलिस और प्रशासन की समझाइश के बाद ग्रामीणों ने चक्काजाम समाप्त किया। इस दौरान तत्काल सहायता राशि के रूप में 25 हजार रुपए देने का आश्वासन दिया गया। इसके बाद सड़क पर यातायात सामान्य हो सका।

ग्रामीणों ने प्रशासन से जल्द से जल्द सड़क पर स्ट्रीट लाइट लगाने और तेज रफ्तार वाहनों पर प्रभावी कार्रवाई करने की मांग की है।

CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

उरगा थाना प्रभारी नवीन पटेल ने बताया कि मामले में अज्ञात कार चालक के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है, ताकि दुर्घटना करने वाली कार और उसके चालक की पहचान की जा सके।

फिलहाल पुलिस फरार वाहन चालक की तलाश कर रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपने की कार्रवाई की जाएगी।