Sunday, March 29, 2026

कोरबा में दर्दनाक सड़क हादसा: तेज रफ्तार ट्रक की चपेट में आए बाइक सवार, तीन गंभीर घायल

कोरबा। उरगा-भैसमा मुख्य मार्ग पर स्थित कुकरीचोली चौक शनिवार दोपहर करीब 12 बजे अचानक हादसे का केंद्र बन गया, जब एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक (CG04 PP 5269) ने बाइक सवारों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण हादसे में तीन लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।

टक्कर इतनी जबरदस्त कि बाइक के उड़े परखच्चे
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार काफी तेज थी और चालक नियंत्रण खो बैठा। टक्कर इतनी भयानक थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और सवार दूर जा गिरे। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और बड़ी संख्या में लोग इकट्ठा हो गए। घटना के तुरंत बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।

राहत-बचाव में जुटे लोग, घायलों को पहुंचाया अस्पताल
हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए पुलिस और एम्बुलेंस को सूचना दी। दो घायलों को तत्काल एम्बुलेंस के जरिए अस्पताल भेजा गया, जबकि तीसरे घायल की हालत गंभीर होने के कारण अलग एम्बुलेंस बुलाकर उसे भी इलाज के लिए रवाना किया गया। सड़क पर बिखरा खून और बाइक के टूटे हिस्से हादसे की भयावहता को दर्शा रहे थे।

पुलिस ने ट्रक जब्त कर शुरू की जांच
सूचना पर पहुंची पुलिस ने ट्रक को कब्जे में लेकर यातायात बहाल कराया। वाहन नंबर के आधार पर मालिक और फरार चालक की तलाश तेज कर दी गई है।

स्थानीय लोगों में आक्रोश
कुकरीचोली चौक पर लगातार हो रहे सड़क हादसों को लेकर ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। लोगों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार भारी वाहन आए दिन दुर्घटनाओं का कारण बन रहे हैं, जिससे जनहानि का खतरा लगातार बना हुआ है।