Korba के रिसदी क्षेत्र में Srishti Hospital के पास स्थित एक नर्सरी में भीषण आग लगने से इलाके में अफरा-तफरी मच गई। आग इतनी तेजी से फैली कि देखते ही देखते कई एकड़ क्षेत्र इसकी चपेट में आ गया। घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग पर काबू पाने का प्रयास शुरू किया गया।
बताया जा रहा है कि आग धीरे-धीरे नर्सरी से फैलते हुए वन विभाग की नर्सरी की ओर बढ़ने लगी, जिससे स्थिति और गंभीर हो गई। मौके पर पहुंचे वन विभाग के कर्मचारियों और फायर वाचरों ने भी आग बुझाने में मोर्चा संभाल लिया है। आग की लपटें और धुएं का गुबार दूर-दूर तक दिखाई दे रहा है।
इस हादसे में कई छोटे-बड़े पेड़-पौधे जलकर खाक हो गए, वहीं कई जीव-जंतु भी आग की चपेट में आ गए। स्थानीय लोगों का कहना है कि आग लगने के पीछे असामाजिक तत्वों की भूमिका हो सकती है। हालांकि, आग लगने के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है।
घटना के बाद आसपास के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है। लगातार बढ़ती आग को देखकर लोगों की चिंता भी बढ़ गई है। स्थानीय लोगों ने बताया कि इससे पहले भी इस नर्सरी क्षेत्र में कई बार आग लगने की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद स्थायी रोकथाम के इंतजाम नहीं किए गए।
दमकल विभाग और वन अमला देर शाम तक आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटा रहा। प्रशासन ने लोगों से आग वाले क्षेत्र से दूर रहने और सावधानी बरतने की अपील की है।









