Thursday, March 12, 2026

कोरबा में नववर्ष का पहला सड़क हादसा: गुरसिया पुल पर स्कूटी दुर्घटना में युवक की मौत, दो साथी घायल

कोरबा। जिले में नववर्ष का पहला सड़क हादसा सामने आया है। गुरुवार देर रात बांगो थाना क्षेत्र अंतर्गत पोड़ी-उपरोड़ा इलाके में तान नदी पर बने जर्जर गुरसिया पुल पर हुए हादसे में पुरानी बस्ती कोरबा निवासी एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसके दो साथी घायल हो गए।

प्राप्त जानकारी के अनुसार वार्ड क्रमांक 5 देवांगन पारा निवासी पान व्यवसायी सुरेश कुमार श्रीवास के 21 वर्षीय पुत्र प्रकाश श्रीवास गुरुवार को अपने दो दोस्तों के साथ स्कूटी से परला जा रहे थे। वे गुरसिया मार्ग से गुजर रहे थे। इसी दौरान गुरसिया पुल पर बने गहरे गड्ढों से बचने के प्रयास में स्कूटी असंतुलित होकर गड्ढे में गिर गई। संतुलन बिगड़ने से स्कूटी सहित तीनों युवक पुल की रेलिंग से जा टकराए।

हादसे में प्रकाश श्रीवास और उसके दोनों साथी गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़े। देर रात डायल 112 को सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां केवल प्रकाश श्रीवास ही मिला। उसे तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया। शुरुआती तौर पर पहचान नहीं हो पाने के कारण पुलिस शिनाख्त में जुटी रही।

बताया जा रहा है कि हादसे में घायल हुए प्रकाश के दोनों साथी घटना के बाद गुरसिया में ही रुक गए थे और उन्होंने न तो पुलिस को सूचना दी और न ही परिजनों को। बाद में मृतक के मोबाइल फोन के माध्यम से परिजनों तक सूचना पहुंच सकी।

गौरतलब है कि जिले में सड़क दुर्घटनाओं के आंकड़े लगातार चिंताजनक बने हुए हैं। वर्ष 2023 में 644 सड़क दुर्घटनाएं दर्ज की गईं, जिनमें 340 लोगों की मौत हुई और 566 लोग घायल हुए। वर्ष 2024 में 839 दुर्घटनाओं में 402 लोगों की जान गई और 693 लोग घायल हुए। वहीं वर्ष 2025 में 885 सड़क हादसों में 374 लोगों की मौत और 770 लोग घायल हुए। लगातार बढ़ते हादसे सड़क सुरक्षा और जर्जर सड़कों की ओर गंभीर सवाल खड़े कर रहे हैं।