Saturday, May 9, 2026

कोरबा में ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम: कलेक्टर कुणाल दुदावत ने रखा विकास का रोडमैप

कोरबा। प्रेस क्लब कोरबा द्वारा आयोजित ‘प्रेस से मिलिए’ कार्यक्रम में शनिवार को कलेक्टर कुणाल दुदावत शामिल हुए। कार्यक्रम में प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने उनका स्वागत किया। इस दौरान कलेक्टर ने पत्रकारों को संबोधित करते हुए जिले के समग्र विकास को लेकर विस्तृत कार्ययोजना साझा की।

कलेक्टर ने कहा कि कोरबा प्रेस क्लब हमेशा पत्रकारों के हित में बेहतर कार्य करता रहा है और शासन की योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका रही है। उन्होंने बताया कि बीते चार महीनों में जिले के विभिन्न क्षेत्रों का दौरा कर विकास कार्यों का रोडमैप तैयार किया गया है।

सड़क, बिजली और बायपास पर फोकस

कलेक्टर ने कहा कि जिले में सड़कों की स्थिति सुधारने पर विशेष ध्यान दिया जाएगा। शहर के भीतर बिजली के पोल व्यवस्थित कर तारों को अंडरग्राउंड करने की योजना है। साथ ही नए बायपास मार्गों का निर्माण किया जाएगा, जिससे बालको, SECL और NTPC क्षेत्रों में चलने वाले भारी वाहनों की आवाजाही सुगम हो सके।

शिक्षा और आधारभूत सुविधाओं पर जोर

उन्होंने बताया कि कोसाबाड़ी से रिसदी तक फोरलेन सड़क निर्माण, जर्जर स्कूल भवनों की मरम्मत, नए आंगनबाड़ी भवनों का निर्माण और गुणवत्तापूर्ण शिक्षकों की नियुक्ति प्राथमिकता में शामिल है। जिला मिनरल फंड का उपयोग विद्यार्थियों को शिक्षा के लिए अनुदान देने में किया जाएगा।

खेल और स्वास्थ्य सुविधाओं का विस्तार

खेलों को बढ़ावा देने के लिए इंदिरा प्रियदर्शिनी स्टेडियम को उन्नत किया जाएगा। हॉकी और बास्केटबॉल के लिए आधुनिक मैदान तैयार किए जाएंगे, साथ ही शासकीय कॉलेज के खेल मैदान को भी विकसित किया जाएगा।

स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में नए भवन निर्माण के लिए 4 करोड़ रुपए स्वीकृत किए गए हैं। जल्द ही सीटी स्कैन मशीन शुरू होगी। खदान क्षेत्रों के लिए 10 मोबाइल मेडिकल वैन और स्वास्थ्य बीमा योजना लागू करने की तैयारी है। इसके अलावा 108 सेवा के तहत 8 अतिरिक्त एंबुलेंस की मांग की गई है।

पेयजल, कृषि और सुरक्षा पर काम

कलेक्टर ने बताया कि 245 गांवों के लिए एतमा नगर में वाटर ट्रीटमेंट प्लांट स्थापित किया जा रहा है और सरफेस वाटर सप्लाई को बढ़ावा दिया जाएगा। दिव्यांग बच्चों के लिए जून माह में शिविर आयोजित कर कृत्रिम अंग वितरण किया जाएगा।