कोरबा। पाली थाना क्षेत्र में बुधवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। तेज रफ्तार और अनियंत्रित ट्रक ने बाइक सवार तीन युवकों को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे तीनों की मौके पर ही मौत हो गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, ट्रक की रफ्तार तय सीमा से काफी अधिक थी। अचानक संतुलन बिगड़ने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका और सामने जा रही बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और तीनों युवक ट्रक के नीचे दब गए।
हादसा पाली थाना क्षेत्र के मुख्य मार्ग पर हुआ, जहां ट्रक बाइक को कुचलने के बाद पलट गया। ट्रक के पलटने से भारी मलबा फैल गया, जिसके नीचे तीनों युवक फंस गए। घटना के तुरंत बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची, लेकिन हालात इतने गंभीर थे कि शवों को निकालने के लिए हाइड्रा मशीन की मदद लेनी पड़ी। काफी मशक्कत के बाद तीनों शवों को बाहर निकाला गया।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है। हादसे के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है, वहीं लोगों ने प्रशासन से तेज रफ्तार वाहनों पर सख्त कार्रवाई की मांग की है।









