कोरबा। जिले में शुक्रवार सुबह मौसम ने अचानक करवट लेते हुए लोगों को चौंका दिया। तेज आंधी-तूफान, बारिश और आकाशीय बिजली के कारण जनजीवन प्रभावित हो गया। हालांकि मौसम बदलने से तापमान में गिरावट आई और लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिली, लेकिन तेज हवाओं ने कई जगह परेशानियां खड़ी कर दीं।
आंधी का असर कोयला परिवहन पर भी देखने को मिला। पवन टॉकीज से दुरपा रोड के पास खदान से कोयला लेकर प्लांट जा रही एक मालगाड़ी को बीच रास्ते में रोकना पड़ा। चलती ट्रेन में कोयले को ढकने के लिए लगाया गया तिरपाल तेज हवा के कारण उड़कर फट गया और ओएचई (ओवरहेड इक्विपमेंट) तार व खंभे में जा फंस गया। इससे शॉर्ट सर्किट और बड़े हादसे की आशंका बन गई थी।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए मालगाड़ी के चालक ने सूझबूझ दिखाते हुए तुरंत ट्रेन रोक दी और अधिकारियों को सूचना दी। मौके पर पहुंची रेलवे टीम ने फंसे तिरपाल को हटाकर स्थिति को नियंत्रित किया, जिसके बाद रेल परिचालन सामान्य हो सका।
तेज आंधी के कारण कई जगह पेड़-पौधे गिरने और बिजली के खंभों में शॉर्ट सर्किट की घटनाएं भी सामने आईं। कुछ इलाकों में बिजली आपूर्ति बाधित रही। मौसम विभाग ने पहले ही जिले में आंधी और बारिश का अलर्ट जारी किया था और अगले 24 घंटे तक मौसम इसी तरह बने रहने की संभावना जताई है।









